Uncategorized

बाढ़ में फंस गए थे खेती किसानी करने गए पाली ब्लॉक के ग्रामीण,  रात भर रेस्क्यू चलाकर सभी 17 ग्रामीणों को सकुशल बचाया गया

कोरबा। खेती किसानी करने गए पाली ब्लॉक के ग्राम ढुकुपथरा एवं पोड़ी के लब्दापारा के 17 ग्रामीण रविवार को हुई भारी बारिश से आई बाढ़ में फंस गए थे। जिसमें पुरुषों के साथ ही महिलाएं, बच्चे और बड़े बुजुर्ग सभी शामिल थे। ये सभी खेती के कार्य से गए थे। नदी में बाढ़ के हालात निर्मित होने पर वापस नहीं आ सके। ग्रामीणों के बाढ़ में फंसे होने की सूचना मिलते ही हड़कम्प मच गया। जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। राजस्व विभाग पाली, पाली थाना प्रभारी एसआई जितेंद यादव के नेतृत्व में थाना टीम, जिला आपदा प्रबंधन नगर सेना कोरबा एवं राज्य आपदा टीम बिलासपुर की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सोमवार की तड़के 3 बजे तक सभी 17 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। सभी ने संयुक्त टीम का आभार जताया।