Uncategorized

हाइवा की टक्कर से युवक की मौके पर मौत, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों का चक्काजाम

कोरबा। कोरबा जिले के बांकी थाना क्षेत्र में आज सुबह 10बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और मुआवजे के साथ आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा बलगी-सुराकछार मुख्य मार्ग पर हुआ। मृतक की पहचान रामेश्वर सिंह कंवर (36) निवासी सलियाभांठा के रूप में हुई है। वह किसी काम से बाइक पर बलगी की ओर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार हाइवा वाहन ने ओवरटेक करते समय उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
दो घंटे तक लगा रहा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए और गुस्से में सड़क जाम कर दी। इससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। लोग मृतक के परिजनों के लिए मुआवजा और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
सूचना पर बांकी मोंगरा थाना प्रभारी चमन लाल सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाइश दी और शासन की ओर से तत्काल सहायता राशि दिलाकर स्थिति को शांत कराया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया।
मृतक रामेश्वर सिंह कंवर एक निजी कंपनी में कार्यरत था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी, बच्चे, भाई और माता-पिता हैं। इस हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
फिलहाल पुलिस ने हाइवा वाहन को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *