कोरबा कड़ाके की ठंड से बचने अलाव की आग में झुलसीं दो महिलाएं, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

कोरबा।कोरबा में अलाव तापना दो महिलाओं के लिए बना मौत का कारण, इलाज के दौरान तोड़ा दम
कोरबा जिले में कड़ाके की ठंड से बचने की कोशिश दो महिलाओं के लिए जानलेवा साबित हो गई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अलाव तापते समय आग की चपेट में आने से दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

पहली घटना करतला थाना क्षेत्र के बाड़मार गांव की है। यहां 57 वर्षीय गुरुवारी बाई 12 जनवरी की शाम अपने कमरे में अलाव जलाकर ठंड से राहत ले रही थीं। इसी दौरान अचानक उनके कपड़ों में आग लग गई। परिजनों ने उन्हें तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां गुरुवार देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया गया कि गुरुवारी बाई मूल रूप से रजगामार क्षेत्र के आमादाड की रहने वाली थीं और एक माह पहले लकवा से पीड़ित होने के कारण पहले से अस्वस्थ थीं।

दूसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर बस्ती की है। यहां 5 जनवरी को 38 वर्षीय रूबी देवी घर के पास जल रहे अलाव के पास ठंड से बचने गई थीं, तभी उनके कपड़ों में आग लग गई। गंभीर रूप से झुलसी रूबी देवी को पहले उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, फिर हालत नाजुक होने पर बिलासपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां 15 जनवरी को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना में उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे 22 वर्षीय जगदीश कुमार भी झुलस गए।
दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन और स्थानीय लोग ठंड के मौसम में अलाव जलाते समय पूरी सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।


