कोरबाछत्तीसगढ़

कलेक्टर ने शहर की यातायात व्यवस्था का किया अवलोकन, कहा: मुख्य मार्गों पर वाहनों का बेतरतीब ढंग से नहीं होना चाहिए पार्किंग 

सीएसईबी चौक,बालको-रिस्दी व सर्वमंगला मार्ग सहित अन्य चौक-चौराहों का किया निरीक्षण, यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के दिए निर्देश

कोरबा। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिले के नवपदस्थ कलेक्टर अजीत वसंत ने आज शहर के विभिन्न मार्गो व चौक-चौराहों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान निगमायुक्त सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई, एसडीएम कोरबा श्रीकांत वर्मा, लोक निर्माण विभाग, यातायात पुलिस सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री वसंत ने अधिकारियों से शहर में भारी वाहनों के कारण लगने वाले जाम वाले स्थानों की जानकारी लेते हुए सीएसईबी चौक, सर्वमंगला तिराहा, सर्वमंगला-कनकी मार्ग, राताखार मार्ग, मेजर ध्यानचंद चौक, परसाभाठा चौक और रिस्दी चौक का निरीक्षण किया। उन्होंने इन सभी प्वांइट्स से होकर गुजरने वाले भारी वाहनों के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। अवलोकन के दौरान कलेक्टर ने कहा कि भारी वाहनों के कारण यातायात का दबाव और इसके कारण जाम न लगे, इसका ध्यान रखा जाएं। भारी वाहनों के कारण आमजनों को परेशानी न हो और दुर्घटना की स्थिति न बने इसका भी विशेष ध्यान रखते हुए ट्रैफिक प्लान बनाने के निर्देश दिए।  उन्होंने खदान से कोयला लेकर निकलने वाले भारी वाहनों का संचालन निर्धारित रूट से ही करने के निर्देश दिए। वहीं भारी वाहनों के शहर के भीतर प्रवेश मार्गो एवं निकासी प्वाइंट का अवलोकन कर यातायात व्यवस्था बेहतर व सुगम बनाने  के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मुख्य मार्गों पर वाहनों को बेतरतीब ढंग से पार्किंग नहीं होना चाहिए ताकि अनावश्यक रूप से यातायात बाधित न हो। जिले से बाहर जाने वाली भारी वाहनों को शहर के आउटर से ही आवागमन की व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने सर्वमंगला मंदिर के आगे बन रहे सड़क निर्माण का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

गेरवाघाट इनटेक वेल का किया अवलोकन

कलेक्टर अजीत वसंत ने आज शहर के गेरवाघाट में अमृत मिशन योजना अंतर्गत निर्मित इनटेक वेल का अवलोकन किया। उन्होंने यहां से होने वाले जल आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी लेकर निर्देश दिए। गेरवाघाट स्थित इस इनटेक वेल में पंपिंग के माध्यम से हसदेव नदी का रॉ वॉटर लेकर कोहड़िया स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (29 एमएलडी) तक पहुंचाया जाता है। यहां से जल उपचारित कर अमृत मिशन योजना पार्ट-2 दर्री, सर्वमंगला,  बांकी-मोंगरा क्षेत्र के लिए सप्लाई की जाती है। इसके पश्चात कलेक्टर ने इनटेक वेल के पास ही नहर में क्रास रेगूलर गेट के निर्माण कार्य का अवलोकन किया और जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने गेरवाघाट मार्ग को पंपहाउस से जोड़ने वाली निर्माणाधीन नहर मार्ग का कार्य भी शीघ्र पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया।

शासन की योजनाओं का शत प्रतिशत क्रियान्वयन करना पहली प्राथमिकता- कलेक्टर 

नवपदस्थ कलेक्टर अजीत वसंत कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक ली। जिसमें उन्होंने कहा कि जिले के विकास की गति को आगे बढ़ाने के साथ शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन पर प्रशासन का ध्यान केंद्रित रहेगा। साथ ही शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का जमीनी स्तर पर व बेहतर क्रियान्वयन कर आम जन को लाभान्वित करना भी उनकी प्राथमिकता होगी। इस अवसर पर निगमायुक्त सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, श्री दिनेश नाग, समस्त एसडीएम, जनपद सीईओ, शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य, कृषि, सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी कर्मचारी कार्यालय में अनुशासन का पालन करें एवं समय पर उपस्थित रहकर अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन करें। उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन स्थिति की जानकारी लेते कहा कि जिले के विकास में प्रशासन के सभी अधिकारी कर्मचारी अच्छा कार्य कर रहे हैं, विकास की इस गति को बेहतर कार्ययोजना के साथ और आगे बढ़ाया जाएगा। इस हेतु सभी अधिकारी कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

कलेक्टर ने कहा कि जिले के विकास में प्रशासन एक टीम के रूप में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं ईमानदारी से कार्य करते हुए आमजनों को लाभ पहुचाने की दिशा में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा की टीएल के प्रकरण एवं कलेक्टर जन चौपाल में प्राप्त आवेदनों के निराकरण में सभी अधिकारी समय सीमा का विशेष ध्यान रखें। कलेक्टर श्री वसंत ने जिले में प्रधानमंत्री जनमन योजना, विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत लगाए जा रहे शिविर की जानकारी लेते हुए शत-प्रतिशत लोगों को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी लोक सभा चुनाव की तैयारी हेतु आवश्यक सभी व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने के लिए कहा। इसी तरह जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, खनिज, राजस्व प्रकरण सहित अन्य योजनाओं की कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित आवेदनों का निराकरण के क्षेत्र में गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।