डीएवी खरमोरा में हिंदी दिवस एवम पौधारोपण का कार्यक्रम

कोरबा। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल खरमोरा कोरबा में हरित दिवस एवं हिन्दी दिवस का समारोह संयुक्त रूप से आयोजित किया गया। इस समारोह के विशिष्ट अतिथि हरिभूमि के क्राइम रिपोर्टर एवं सचिव प्रेस क्लब कोरबा नागेंद्र श्रीवास तथा नवभारत के संवाददाता कुलदीप कुमार वैश्य रहे। विद्यालय के प्राचार्य हेमंतो मुखर्जी ने पुष्पगुच्छ देकर अतिथियों का स्वागत किया और समारोह का शुभारंभ किया। बच्चों ने हिंदी दिवस तथा हरित दिवस के उपलक्ष में भाषण तथा सुंदर कविताएं प्रस्तुत की। हरित दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षिका श्रीमती मालती श्रीवास ने हरित दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उसका महत्व बताते हुए कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए वृक्षारोपण कितना आवश्यक है। क्योंकि हमारा पर्यावरण तथा हमारा जीवन वृक्षों पर ही आधारित है। इसलिए हमें वृक्षों की कटाई को रोकने तथा वृक्षारोपण के लिए यथासंभव प्रयास करना चाहिए।

हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में हिंदी शिक्षिका अशरफ जहां ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आज के समय में हिंदी भाषा की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए हिंदी भाषा के प्रचार प्रसार के साथ हिंदी भाषा की गरिमा बनाए रखने की अपील की। विशिष्ट अतिथि नागेंद्र श्रीवास तथा कुलदीप वैश्य ने हरित दिवस एवं हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है और हमें हिंदी भाषा का प्रयोग दैनिक जीवन में बड़े गर्व के साथ करना चाहिए। हमें गर्व है कि हम हिंदी भाषी हैं।
प्राचार्य हेमंतो मुखर्जी के द्वारा हरित दिवस एवं हिंदी दिवस के महत्व को बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दी गई तथा अतिथियों, प्राचार्य महोदय, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों के द्वारा विद्यालय परिसर में ही पौधे लगाकर इस समारोह का समापन किया गया। अंत में प्राचार्य मुखर्जी ने सबका आभार व्यक्त किया।
