देवपहरी घूमने पहुंचे दोस्तों का ग्रुप जलस्तर बढ़ने से टापू में कई घंटे फंसा रहा, पुलिस-प्रशासन की रेस्क्यू टीम ने बचाया

कोरबा। बारिश के दौरान शहर से घूमने के लिए देवपहरी पहुंचा दोस्तों का ग्रुप जलस्तर बढ़ने से टापू में फंस गया। देर शाम सूचना मिलने पर बचाने के लिए पुलिस और प्रशासन की रेस्क्यू टीम जुटी। देर रात तक सभी लोगों को सकुशल बचा लिया गया।

घटना सोमवार को हुई। बताया जाता है कि शहर से दोस्तों का ग्रुप बारिश का नजारा देखने देवपहरी के गोविंदझुंझा जलप्रताप पहुंचा था। जिसमें तीन युवती और दो युवक शामिल है। जलप्रताप में बारिश के दौरान नजारा मनमोहक होने से दोस्तों का ग्रुप आगे टापू की ओर चला गया। शाम को वे आने की तैयारी कर रहे थे कि इसी दौरान ऊपर से पहाड़ी की ओर से बारिश का पानी तेजी से पहुंचा। वे सभी जलस्तर बढ़ने से टापू में फंस गए। किसी तरह मोबाइल से परिजनों तक सूचना पहुंचाई गई। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस-प्रशासन तक पहुंचाई गई। देर शाम जिला मुख्यालय से नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस और प्रशासन के साथ नगर सेना की रेस्क्यू टीम बचाव कार्य में जुटी। स्थानीय ग्रामीणों से भी मदद ली गई। देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।