जेसीआई वीक में सात दिनों तक होंगे विविध आयोजन, प्लास्टिक हटाओ-स्टील अपनाओ से होगी शुरुआत, ‘मौन सितारों’ को मिलेगा सम्मान
कोरबा प्रेस क्लब में जेसीआई की अनोखी पहल, केयर टेकर गुणसागर महिलांगे बने ‘मौन सितारे’
कोरबा। जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा 9 से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे जेसीआई वीक के तहत समाज के उन लोगों को सम्मानित करने की अनोखी पहल की जा रही है, जो बिना किसी प्रचार-प्रसार के लगातार समाज के लिए अपना योगदान दे रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान जेसीआई टीम ने एक ऐसा सम्मान दिया, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल छू लिया।
पत्रकार वार्ता के बाद जेसीआई कोरबा सेंट्रल की टीम ने कोरबा प्रेस क्लब के केयर टेकर गुणसागर महिलांगे को अचानक स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उन्हें ‘मौन सितारा’ बताया। लंबे समय से प्रेस क्लब की व्यवस्था और देखरेख से जुड़े गुणसागर महिलांगे को जब इस सम्मान के बारे में पता चला तो वे भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं।
जेसीआई टीम की ओर से बताया गया कि समाज में कई ऐसे लोग हैं, जो पर्दे के पीछे रहकर पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। उन्हें शायद मंच और सुर्खियां नहीं मिलतीं, लेकिन उनके योगदान के बिना व्यवस्था सुचारू रूप से चलना मुश्किल होता है। ऐसे ही लोगों को पहचान दिलाने और उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से ‘ऑनरिंग हीरोज एंड साइलेंट स्टार्स डे’ की पहल की गई है।
सुर्खियों से दूर रहे गुणसागर को मिला सम्मान, जेसीआई ने बनाया ‘मौन सितारा’; नम हुईं आंखें तो तालियों से गूंज उठा प्रेस क्लब

गुणसागर महिलांगे को सम्मानित किए जाने के दौरान प्रेस क्लब परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अचानक मिले इस सम्मान से भावुक हुए गुणसागर के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। जेसीआई की इस पहल की मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की।
‘सात दिन, सात संकल्प’ के साथ जेसीआई वीक
जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा इस वर्ष जेसीआई वीक की थीम “77 इयर्स ऑफ लीडरशिप – 7 डेज ऑफ एम्पावर” रखी गई है। 9 से 15 सितंबर तक सात दिनों में पर्यावरण संरक्षण, युवा नेतृत्व, मानव कर्तव्य, डिजिटल आउटरिच, बिजनेस नेटवर्किंग, सदस्यता विस्तार, फैमिली बॉन्डिंग और समाज के मौन सितारों के सम्मान सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जेसीआई कोरबा सेंट्रल का उद्देश्य केवल सात दिनों तक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि इन गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत करना है। संगठन द्वारा पूर्व में भी शतरंज प्रतियोगिता, एआई एवं बिजनेस प्रशिक्षण, स्पीचक्राफ्ट-पब्लिक स्पीकिंग ट्रेनिंग, पर्यावरण जागरूकता, कम्युनिटी काइट फेस्टिवल और सीपीआर प्रशिक्षण जैसी गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं।
‘मौन सितारे’ के रूप में गुणसागर महिलांगे का सम्मान इसी अभियान का भावनात्मक और प्रेरणादायी हिस्सा रहा, जिसने यह संदेश दिया कि सम्मान केवल बड़े पद या बड़ी उपलब्धियों का नहीं, बल्कि निस्वार्थ भाव से अपनी जिम्मेदारी निभाने वाले हर व्यक्ति का होना चाहिए।


