धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक, 31 अगस्त तक किसान पंजीयन पूरा करने के निर्देश

कोरबा। जिले में आगामी धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसान पंजीयन, एग्रीस्टेक पंजीयन, नवीन किसान पंजीयन, पंजीयन में संशोधन, त्रुटि सुधार तथा शासकीय पट्टाधारी और डुबान क्षेत्र के किसानों से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों और समिति प्रबंधकों को निर्देश दिए कि धान खरीदी से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने किसान पंजीयन और एग्रीस्टेक पंजीयन के लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करते हुए 31 अगस्त तक सभी कार्य अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में कहा गया कि जिन किसानों का अभी तक पंजीयन नहीं हुआ है, उनसे संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जाए। इसके लिए गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाने और व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि कोई भी पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रहे।

कलेक्टर ने पंजीयन में संशोधन और त्रुटि सुधार से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही, एग्रीस्टेक पंजीयन के दौरान खसरा रिकॉर्ड का संबंधित दस्तावेजों से मिलान कर सही जानकारी दर्ज करने के लिए समिति प्रबंधकों और ऑपरेटरों को सावधानी बरतने के लिए कहा।

उन्होंने शासकीय पट्टाधारी और डुबान क्षेत्र के किसानों से संबंधित जानकारी 10 सितंबर तक खाद्य विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इससे विभाग आगामी धान खरीदी की प्रक्रिया को ऑनलाइन सिस्टम और पोर्टल के माध्यम से व्यवस्थित रूप से संचालित कर सकेगा।

बैठक में अपर कलेक्टर ओंकार यादव, खाद्य अधिकारी, उप संचालक कृषि सहित खाद्य एवं कृषि विभाग के अधिकारी, विभिन्न समितियों के प्रबंधक और ऑपरेटर उपस्थित रहे।

