मोहर्रम को शांतिपूर्ण बनाने सड़कों पर उतरी कोरबा पुलिस, 70 जवानों ने किया फ्लैग मार्च

कोरबा। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने शुक्रवार को “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। मार्च में करीब 70 पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे, जिन्होंने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए असामाजिक तत्वों को कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने का सख्त संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में आयोजित फ्लैग मार्च का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक तथा थाना एवं पुलिस सहायता केंद्र प्रभारियों ने किया। फ्लैग मार्च टी.पी. नगर चौक से शुरू होकर शारदा विहार तिराहा, सुनालिया चौक, पावर हाउस रोड, ओवर ब्रिज के नीचे होते हुए पुराना बस स्टैंड पहुंचकर संपन्न हुआ।
मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं पारंपरिक तरीके से मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।
कोरबा पुलिस ने कहा कि “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में लगातार प्रभावी पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है, ताकि प्रत्येक पर्व एवं आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो और जिले में आपसी विश्वास एवं सौहार्द की भावना और मजबूत हो।



