हाथी का खतरनाक पलटवार! सूंड से ट्रैक्टर का अगला हिस्सा पकड़कर झकझोरा, बाल-बाल बचे ग्रामीण
कुदमुरा रेंज के जिल्गा जंगल में हुई घटना, हाथियों को भगाने पहुंचे थे ग्रामीण; मौके पर वन विभाग के कर्मचारी भी थे मौजूद, ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
कोरबा। जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत जिल्गा परिसर के आमा डुगरु जंगल में हाथी के हमले की एक खतरनाक घटना सामने आई है। हाथियों को जंगल से भगाने के लिए ट्रैक्टर लेकर पहुंचे ग्रामीणों पर उस वक्त बड़ा खतरा मंडरा गया, जब एक आक्रामक हाथी ने अचानक ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। हाथी ने अपनी सूंड से ट्रैक्टर के अगले हिस्से को पकड़कर जोरदार तरीके से झकझोर दिया, जिससे ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान ट्रैक्टर में सवार ग्रामीणों की जान पर बन आई, लेकिन गनीमत रही कि सभी सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर हाथियों के काफी करीब पहुंचते और शोर मचाते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक हाथी अचानक आक्रामक हो गया और ट्रैक्टर की ओर बढ़ते हुए उसके अगले हिस्से को सूंड से पकड़ लिया। हाथी ने ट्रैक्टर को बुरी तरह झकझोर दिया। बताया जा रहा है कि क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर ग्रामीण किसान का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण हाथियों को भगाने के उद्देश्य से ट्रैक्टर लेकर जंगल के भीतर पहुंचे थे। ट्रैक्टर से लगातार शोर मचाया जा रहा था। इसी दौरान हाथी ने पलटवार कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के समय हाथी दल की निगरानी में लगे बीट गार्ड और डिप्टी रेंजर भी मौके पर मौजूद थे। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि ग्रामीणों को हाथियों के इतने करीब ट्रैक्टर लेकर जाने की अनुमति किसने दी? जब वन विभाग के कर्मचारी मौके पर मौजूद थे, तो ग्रामीणों को इस तरह जोखिम उठाने की नौबत क्यों आई?

11 हाथियों का दल, साथ में नन्हा शावक भी
वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में इस समय 18 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। जिस इलाके में यह घटना हुई, वहां 11 हाथियों का दल मौजूद बताया जा रहा है। इस दल में एक नन्हा शावक भी शामिल है। ऐसे में हाथियों के करीब जाकर शोर मचाना या उन्हें खुद भगाने का प्रयास करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। हाथी अपने दल और शावक की सुरक्षा को लेकर आक्रामक हो सकते हैं।
वन विभाग की भूमिका पर उठे सवाल
इस घटना ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ग्रामीणों को हाथियों को भगाने के लिए ट्रैक्टर लेकर जंगल में जाने की जरूरत क्यों पड़ी? क्या इसके लिए वन विभाग की ओर से कोई निर्देश या अनुमति दी गई थी? यदि मौके पर वन विभाग के जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद थे, तो ग्रामीणों को हाथियों के इतने करीब जाने से क्यों नहीं रोका गया? फिलहाल राहत की बात यही है कि हाथी के हमले में किसी की जान नहीं गई, लेकिन ऐसी लापरवाही भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।





