हाथी को ट्रैक्टर से खदेड़ने का मामला: जब्ती करने पहुंची वन विभाग की टीम को ग्रामीणों ने घेरा, कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद
पुलिस बुलाने की नौबत, ग्रामीणों से सहमति के बाद जब्त हुआ ट्रैक्टर; वायरल वीडियो असली है या एआई से तैयार, वन विभाग करेगा जांच
कोरबा। कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव में हाथी को ट्रैक्टर से खदेड़ने के प्रयास और हाथी के पलटवार का वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रैक्टर जब्त करने पहुंची वन विभाग की टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने अधिकारियों और कर्मचारियों को घेर लिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस बुलानी पड़ी। घंटों तक चले विवाद और बातचीत के बाद वन विभाग तथा ग्रामीणों के बीच सहमति बनी, जिसके बाद संबंधित ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया।

दरअसल, जिल्गा गांव में कुछ युवक ट्रैक्टर लेकर हाथी को जंगल से खदेड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान हाथी ने पलटवार करते हुए ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। घटना का खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। बताया जा रहा है कि घटना के बाद युवकों ने ट्रैक्टर को छिपा दिया था। वायरल वीडियो के आधार पर मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ गांव पहुंचे और ट्रैक्टर की तलाश कर जब्ती की कार्रवाई शुरू की।

इसी दौरान ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते ग्रामीणों ने पूरी टीम को घेर लिया। काफी देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। हालात संभालने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा। इसके बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बातचीत की और उन्हें समझाइश दी। लगभग सात घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद ग्रामीण ट्रैक्टर ले जाने देने पर सहमत हुए। इसके बाद वन विभाग ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया।

अनुसूची-1 में शामिल है हाथी, कानून के तहत होगी कार्रवाई
वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि हाथी वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 में शामिल संरक्षित वन्यजीव है। ऐसे वन्यजीव को ट्रैक्टर के माध्यम से खदेड़ना या परेशान करना कानूनन उचित नहीं है। इसी आधार पर मामले में कार्रवाई की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों को भी समझाइश दी गई है कि हाथियों को भगाने के लिए ट्रैक्टर का इस्तेमाल न करें। जांच के बाद मामले में जो भी कानूनी धाराएं लागू होंगी, उनके तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो पर भी संशय, एआई से तैयार होने की आशंका की होगी जांच

इस पूरे मामले में वन विभाग के अधिकारी ने वायरल वीडियो की वास्तविकता को लेकर भी अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो वास्तविक है या कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से तैयार किया गया है। संबंधित युवकों के मोबाइल में मौजूद मूल वीडियो की जांच की जाएगी। वास्तविक घटना की पुष्टि और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
अब इस मामले में एक महत्वपूर्ण सवाल यह भी है कि ट्रैक्टर को हाथी के हमले से कितना नुकसान पहुंचा और घटना की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं? वन विभाग ने फिलहाल ट्रैक्टर जब्त कर लिया है, वहीं वायरल वीडियो की सत्यता की जांच भी की जाएगी। जांच के निष्कर्षों से ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।




