Uncategorized

कॉलेज जाने का कहकर निकला था युवक, दोपहर 12 बजे से बंद थे दोनों सिम; तीन दिन बाद प्रगति नगर में मिला शव

कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकला था 21 वर्षीय युवक, पिता ने 19 नवंबर को दर्री थाने में दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

कोरबा। दर्री क्षेत्र के प्रगति नगर में आज 21 वर्षीय अर्जुन सिंह का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तीन दिनों से बेटे की तलाश कर रहे परिजनों को उम्मीद थी कि अर्जुन सकुशल घर लौट आएगा, लेकिन शनिवार को उसका शव मिलने की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक अर्जुन सिंह दर्री के कैलाश विहार का निवासी था। उसके पिता धनंजय सिंह पुलिस विभाग में सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं और वर्तमान में कोरबा में सेवाएं दे रहे हैं। पुलिस विभाग में पदस्थ पिता के बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

कॉलेज जाने की बात कहकर निकला था घर से

प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुन सिंह 18 नवंबर की सुबह करीब 11:15 बजे अपने घर से कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा जाने की बात कहकर निकला था। वह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BK 5768 से रवाना हुआ था। परिजनों को लगा कि वह कॉलेज के काम से गया है और कुछ समय बाद वापस लौट आएगा, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार की चिंता बढ़ने लगी।

दोपहर 12 बजे से बंद हो गए थे दोनों मोबाइल सिम

बताया जा रहा है कि अर्जुन के मोबाइल फोन में जियो और एयरटेल, दोनों कंपनियों के सिम लगे हुए थे। 18 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे से ही दोनों सिम बंद आने लगे। परिजनों ने उससे संपर्क करने की काफी कोशिश की, लेकिन मोबाइल बंद होने के कारण बात नहीं हो सकी। इसके बाद परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन अर्जुन का कहीं पता नहीं चला।

19 नवंबर को पिता ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

लगातार तलाश के बावजूद जब अर्जुन की कोई जानकारी नहीं मिली तो उसके पिता धनंजय कुमार सिंह ने 19 नवंबर को दर्री थाने पहुंचकर बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को अर्जुन के घर से निकलने, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बंद होने से संबंधित जानकारी दी थी। इसके बाद से परिवार उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठा था, लेकिनआज प्रगति नगर में उसका शव मिलने की सूचना ने परिजनों की सारी उम्मीदें तोड़ दीं।

अर्जुन की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण हैं, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *