Uncategorized

पेटी में रखे पैसों के लालच में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गला घोंटकर हत्या, पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

कोरबी में चोरी की योजना के दौरान महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसकर नायलॉन की रस्सी से घोंटा गला, 2 हजार रुपये लूटकर आपस में बांटे

कोरबा। जिले के कोरबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लाद में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला भगमतिया बाई की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घर में रखी पेटी में अधिक रकम होने की आशंका में आरोपियों ने चोरी की योजना बनाई और वारदात के दौरान महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसकर नायलॉन की रस्सी से गला घोंट दिया। इसके बाद पेटी और बैग की तलाशी लेकर मिले 2 हजार रुपये आपस में बांट लिए। पुलिस ने मामले में एक दंपती सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

घर में अकेली सो रही महिला की कर दी हत्या

पुलिस के मुताबिक, मृतका के बेटे बबलू मरकाम ने 20 नवंबर को कोरबी चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 नवंबर की शाम 7 बजे से 20 नवंबर की सुबह 6 बजे के बीच उसकी मां भगमतिया बाई की अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है। महिला के गले में नायलॉन की रस्सी लिपटी हुई थी और मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 316/2026 के तहत धारा 103(1), 238 एवं 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

गाय चराने के पैसे लेने पहुंचा था मुख्य आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को मृतका के घर गाय चराने का काम करने वाले इंद्रपाल अगरिया पर संदेह हुआ। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन इंद्रपाल भगमतिया बाई के घर गाय-बैल चराने के पैसे मांगने पहुंचा था। महिला ने पेटी से 500 रुपये निकालकर उसे दिए। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच शराब पीने का दौर चला। आरोपियों की नजर घर में रखी पेटी और उसमें मौजूद पैसों पर पड़ी। उन्हें लगा कि पेटी में काफी रकम हो सकती है। इसी लालच में उन्होंने चोरी की योजना बना ली।

देर रात घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों ने रात में घर के लोग सो जाने के बाद पेटी और बैग में रखे रुपये चोरी करने की योजना बनाई। इसके तहत देव कुमार मरकाम को घर के बाहर निगरानी के लिए खड़ा किया गया, जबकि इंद्रपाल अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ घर के अंदर दाखिल हुआ। उस समय भगमतिया बाई सो रही थीं। इंद्रपाल ने उनका हाथ पकड़ रखा था, वहीं राजकुमारी ने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसकर पैर पकड़ लिए। इसके बाद घर में रखी पीले रंग की नायलॉन रस्सी से गला कसकर उनकी हत्या कर दी गई।

2 हजार रुपये बांटकर अपने-अपने घर चले गए आरोपी

हत्या के बाद आरोपियों ने घर में रखी पेटी और बैग की तलाशी ली। उन्हें वहां से 2 हजार रुपये मिले, जिसे तीनों ने आपस में बांट लिया। वारदात के बाद सभी अपने-अपने घर चले गए। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पति-पत्नी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस हत्याकांड में इंद्रपाल अगरिया (43 वर्ष), निवासी गोजापुर, चौकी कोरबी; उसकी पत्नी राजकुमारी अगरिया (33 वर्ष), निवासी गोजापुर तथा देव कुमार मरकाम (26 वर्ष), निवासी भरदा, जिला कोरिया को गिरफ्तार किया है। तीनों को 22 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन लाल पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा राम गोपाल करियारे एवं एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के पर्यवेक्षण में चौकी कोरबी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले का खुलासा किया।

कार्रवाई में चौकी प्रभारी कोरबी सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार, साइबर सेल के उप निरीक्षक अजय सोनवानी, आरक्षक आलोक टोप्पो, संजीव, सुशीला यादव तथा रक्षित केंद्र एवं चौकी कोरबी के प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, आरक्षक रोशन कुमार पांडेय, टकेश्वर पटेल, संजय साहू और महिला आरक्षक स्वाती रात्रे का विशेष योगदान रहा।

Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072
Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *