फंदा लगाकर भालू का शिकार, शव जलाकर मिटाए साक्ष्य; चार आरोपी गिरफ्तार
कटघोरा वनमंडल के केंदई वन परिक्षेत्र का मामला, न्यायालय ने चारों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
कोरबा-कटघोरा। कटघोरा वनमंडल के केंदई वन परिक्षेत्र में फंदा लगाकर भालू का शिकार करने और बाद में साक्ष्य मिटाने के गंभीर मामले में वन विभाग ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शिकार के बाद भालू के शव को जलाकर उसके अवशेष नदी किनारे फेंक दिए गए थे। गिरफ्तार सभी आरोपी ग्राम दमहामुड़ा, थाना पसान के निवासी हैं।
वन विभाग के अनुसार, 21 नवंबर को केंदई वन परिक्षेत्र के छिंदिया परिसर में फंदा लगाकर भालू का शिकार किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन अमले ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल से रक्त के निशान और फंदा लगाने में इस्तेमाल किया गया क्लच वायर बरामद किया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि शिकार के बाद भालू के शव को अगले दिन झिनपुरी परिसर ले जाया गया था। यहां साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को जलाया गया और उसके अवशेष अंजननाला नदी के किनारे फेंक दिए गए। वन विभाग ने मौके से मिले साक्ष्यों और जांच के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कटघोरा के न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने सभी आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 12606/11 दर्ज किया गया है। वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। भालू अनुसूची-1 में शामिल संरक्षित वन्यप्राणी है। ऐसे मामलों में अधिनियम की धारा 51(1) के तहत न्यूनतम तीन वर्ष से लेकर अधिकतम सात वर्ष तक के कारावास और जुर्माने का प्रावधान है।
वन विभाग के मुताबिक, मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों और उपलब्ध साक्ष्यों को लेकर जांच अभी जारी है। कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी केंदई अभिषेक कुमार दुबे, परिक्षेत्र सहायक शारदा प्रसाद शर्मा, परिसर रक्षक मुरारी लाल साहू सहित मंगल नायक, गंगाराम नेताम और अन्य वनकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






