कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सट्टा-पट्टी लिखकर अवैध सट्टा खिलाने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार

पुराना बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दी गई दबिश, 1,350 रुपये नगद सहित सट्टा-पट्टी, डायरी और रजिस्टर जब्त
कोरबा। जिले में अवैध सट्टा-जुआ के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पुराना बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सट्टा-पट्टी लिखकर अवैध सट्टा खिलाने वालों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 1,350 रुपये नगद, सट्टा-पट्टी लिखने में इस्तेमाल की जाने वाली डायरी, रजिस्टर, कॉपियां, पेन और मोबाइल में सट्टे से संबंधित स्क्रीनशॉट जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध सट्टा-जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 25 नवंबर 2026 को पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान मिली मुखबिर सूचना के आधार पर पुराना बस स्टैंड एवं आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। इस दौरान सट्टा-पट्टी लिखकर अवैध सट्टा खिलाते हुए कुल 7 आरोपियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में चिंटू केवट (21 वर्ष), सुजल चौहान (20 वर्ष), मेवालाल चौहान (38 वर्ष), भानु यादव (21 वर्ष), घासीदास (56 वर्ष), पप्पू सिंह (55 वर्ष) और भंवर सिंह केवट (58 वर्ष) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।





