Uncategorized

अंधे मोड़ पर हादसों को रोकने पुलिस की बड़ी पहल: पेंड्रा रोड बेराघाट में लगाए गए कॉन्वेक्स मिरर

कोरबा। पेंड्रा रोड बेराघाट के खतरनाक अंधे मोड़ पर आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कोरबा पुलिस ने धरातल पर एक सुरक्षात्मक कदम उठाया है। हाल ही में इस मार्ग पर एक और गंभीर हादसा सामने आया, जिसमें पेंड्रा से कोरबा की ओर आ रही एक कार और कोरबा से पसान रोड बेराघाट की तरफ जा रही दूसरी कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धार्थ तिवारी के कड़े निर्देश पर पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Additional SP) लखन पटले, नितीश ठाकुर, डीएसपी (DSP) डी.के. सिंह और थाना प्रभारी (TI) तेज यादव के कुशल मार्गदर्शन में टीम ने त्वरित कार्रवाई की।

अब सामने से आती गाड़ियां साफ दिखेंगी
दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस विभाग द्वारा त्वरित रूप से बेराघाट के उस अंधे मोड़ पर कॉन्वेक्स मिरर (विशेष प्रकार का उत्तल दर्पण) लगवा दिया गया है। इस मिरर के लग जाने से अब मोड़ पर गाड़ी चला रहे चालकों को सामने से आ रहे वाहनों की स्थिति पहले ही साफ पता चल जाएगी, जिससे आमने-सामने की टक्कर और हादसों पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सकेगी।

प्रशासन को लिखा गया पत्र, लगेंगे रंबल स्ट्रिप और संकेतक
केवल कॉन्वेक्स मिरर ही नहीं, बल्कि इस पूरे मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने दीर्घकालिक योजना पर काम शुरू कर दिया है। इसके तहत प्रशासन को एक आधिकारिक पत्र भेजा गया है। पत्र के माध्यम से मांग की गई है कि इस संवेदनशील मार्ग पर जल्द से जल्द रंबल स्ट्रिप (गति अवरोधक पट्टियां) बनाई जाएं।
चेतावनी बोर्ड और स्पीड लिमिट (गति सीमा) संकेतक लगाए जाएं।

जमीनी स्तर पर डटी रही टीम
इस पूरी सुरक्षात्मक कार्रवाई को जमीनी स्तर पर अमलीजामा पहनाने में हेड कांस्टेबल साहेब खाटकर, कांस्टेबल राजेश चंद्रा और भीषम नारंग की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही, जिन्होंने मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था दुरुस्त करवाई। पुलिस की इस मुस्तैदी से स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *