राहगीर से मोबाइल और ₹500 झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, उरगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई में बाइक समेत सामान बरामद
कोरबा। राहगीर से मोबाइल फोन और ₹500 नगद झपटकर फरार हुए दो आरोपियों को उरगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और ₹500 नगद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 24 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी ने थाना उरगा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ट्रेलर क्रमांक CG 12 BN 4977 से गेवर्रा से रायगढ़ जाने के लिए निकला था। दोपहर करीब 2 बजे कमरीचोली मेन रोड के आगे उसने अपना वाहन रोका और नीचे उतरा। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति उसके पास पहुंचे और खुद को माइनिंग में काम करने वाला बताया।
बातचीत के दौरान दोनों ने अपना नाम केसरी नन्दन वैष्णव और ललित कुमार चौहान बताया। इसके बाद दोनों अचानक प्रार्थी की ओर बढ़े और झपट्टा मारकर उसका ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन तथा ₹500 नगद लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। प्रार्थी ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल का नंबर CG 12 BS 0751 बताया।
उरगा चौक में मोबाइल बेचने के लिए तलाश रहे थे ग्राहक
मामले में उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 578/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2) और 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ आरोपियों की पतासाजी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उरगा चौक में दो व्यक्ति मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और केसरी नन्दन वैष्णव तथा ललित कुमार चौहान को पकड़ लिया।
मोबाइल, नगदी और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर केसरी नन्दन वैष्णव के पास से ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, जबकि ललित कुमार चौहान के पास से वारदात में इस्तेमाल काले रंग की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BS 0751 और ₹500 नगद बरामद किए गए।
पुलिस ने केसरी नन्दन वैष्णव (36 वर्ष), पिता स्व. राम नेगी वैष्णव, निवासी पाण्डेय चाल, उरगा चौक तथा ललित कुमार चौहान (22 वर्ष), पिता संतोष चौहान, निवासी कटबितला, थाना उरगा, जिला कोरबा को 18 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 24 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


