दशहरा से पहले थाना कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई; लंबे समय से एक फरार स्थायी वारंटी भी गिरफ्तार
कोरबा। दशहरा सहित आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस ने 18 अक्टूबर को थाना क्षेत्र के सात व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। वहीं, लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशानुसार असामाजिक तत्वों, गुण्डा-बदमाशों और आदतन अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए सातों व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी को सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इन सात व्यक्तियों पर हुई कार्रवाई
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत शहबाज अली उर्फ बुट्टू उर्फ गोलू (28 वर्ष), निवासी तुलसी नगर; अनुराग कुमार खुटे (20 वर्ष), निवासी संजय नगर स्टेशन रोड; दीपक सोनवानी (21 वर्ष), निवासी इमलीडुग्गू सतनाम मोहल्ला; मोहन केवट (42 वर्ष), निवासी कुंजनगर नवधा पंडाल के पास, सीतामणी; विशाल दास (29 वर्ष), निवासी रानी रोड पुरानी बस्ती; छोटू यादव (38 वर्ष), निवासी कुंजनगर मोतीसागर पारा तथा सूरज दास महंत (22 वर्ष), निवासी संजय नगर स्टेशन रोड, कोरबा के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
2019 के मामले में स्थायी वारंटी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में लंबे समय से फरार स्थायी वारंटी सुखलाल यादव (48 वर्ष), पिता भूषण लाल यादव, निवासी रामसागर पारा, दलिया गोदाम हनुमान गली, को गिरफ्तार किया है। उसके विरुद्ध न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कोरबा के प्रकरण क्रमांक 83/2019 में परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।
कोरबा पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही हुड़दंग, मारपीट, शराब पीकर गाली-गलौज अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर देने की अपील की है।


