“सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। “सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना कोतवाली, जिला-कोरबा (छ.ग.) पुलिस द्वारा अपराधों पर नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
इसी क्रम में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
प्रार्थी रजनीश शर्मा (पिता स्व. अशोक शर्मा, उम्र 23 वर्ष, निवासी रमेश गली सीतामणी, कोरबा) ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 20.05.2026 की रात लगभग 10:40 बजे उसका बड़ा भाई रोशन शर्मा सीतामणी चौक से सामान लेकर लौट रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के कारण आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का, ईंट एवं पंच से हमला कर गंभीर मारपीट की। इस हमले में रोशन शर्मा के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल जिला अस्पताल कोरबा ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया।
मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 468/2026 धारा 296, 351(3), 115(2), 109 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
नागेश यादव उर्फ मदरासी (उम्र 19 वर्ष), निवासी रमेश गली सीतामणी, कोरबा
रिकु यादव (उम्र 23 वर्ष), निवासी सीतामणी गोकुलनगर, कोरबा
आलोक यादव (उम्र 19 वर्ष), निवासी सीतामणी गोकुलनगर, कोरबा
तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
कोरबा पुलिस द्वारा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें एवं शांति व्यवस्था बनाए रखें।



