Uncategorized

कोरबा में 24 घंटे में तीन हादसे: 5 मौतें — तेज रफ्तार से 2 की जान, पिकनिक से लौटते ऑटो हादसे में 2 दोस्तों की मौत, फैक्ट्री में महिला मजदूर की मौत के बाद 4 घंटे हंगामा, मुआवजे पर समझौता

कोरबा। जिले के लिए सोमवार का दिन बेहद अशुभ साबित हुआ। जिले के अलग-अलग इलाकों में हुए तीन बड़े हादसों में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कहीं तेज रफ्तार ने जिंदगियां निगल लीं, तो कहीं पिकनिक की खुशियां मातम में बदल गईं, वहीं एक फैक्ट्री में काम के दौरान महिला मजदूर को अपनी जान गंवानी पड़ी। घटनाओं के बाद कई स्थानों पर भारी आक्रोश और हंगामा देखने को मिला, जिसे काबू में करने के लिए पुलिस और जनप्रतिनिधियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग पर हादसा, दो ग्रामीणों की मौत, देर रात तक चक्काजाम
सोमवार देर शाम जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो ग्रामीणों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अरदा और चाकाबुड़ा निवासी प्रकाश और बबलू के रूप में हुई है।

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया, जो रात करीब 12:30 बजे तक जारी रहा। ग्रामीणों ने क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन और तेज रफ्तार ट्रैक्टरों को हादसे की बड़ी वजह बताया। हालात को संभालने के लिए बांकी मोंगरा, कुसमुण्डा, दीपका थाना और सर्वमंगला चौकी की पुलिस को मौके पर तैनात करना पड़ा।

पिकनिक से लौटते वक्त ऑटो पलटी, दो दोस्तों की मौत
दूसरा हादसा बालको थाना क्षेत्र के ग्राम अजगरबहार के पास हुआ। खरमोर इलाके के करीब 10 युवक झोराघाट पिकनिक मनाने गए थे। शाम को लौटते समय उनकी तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में सोनू यादव और सत्यम यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए। घायलों को राहगीरों और साथियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा, महिला मजदूर की मौत के बाद 4 घंटे हंगामा
तीसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गोढ़ी स्थित ‘प्रेम एंटरप्राइजेज’ फ्लाई ऐश ईंट फैक्ट्री में हुई। दोपहर के समय मशीन की सफाई के दौरान अचानक भारी लीवर गिरने से महिला मजदूर उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया। करीब 4 घंटे तक चले हंगामे के बाद रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया की मध्यस्थता में फैक्ट्री संचालक प्रदीप अग्रवाल और ग्रामीणों के बीच समझौता हुआ।
समझौते की शर्तें:
मृतका के परिवार को ₹75,000 नगद सहायता, नाबालिग बेटे अयांश के नाम ₹2 लाख की एफडी, 18 साल की उम्र तक ₹1500 प्रतिमाह भरण-पोषण भत्ता और बालिग होने पर फैक्ट्री में नौकरी देने का आश्वासन दिया गया।
पुलिस प्रशासन अलर्ट
एक ही दिन में तीन बड़े हादसों के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। सभी मामलों में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अब तेज रफ्तार, अवैध परिवहन और फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी जैसे पहलुओं की जांच में जुट गई है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *