Uncategorized

कटघोरा–चोटिया NH-130: सड़क हादसों पर रोकथाम के लिए कलेक्टर–एसपी का निरीक्षण, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुरक्षा उपाय के निर्देश

कोरबा। कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने आज कटघोरा–चोटिया नेशनल हाईवे-130 पर संभावित ब्लैक स्पॉट का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम बंजारी, मड़ई मोड़, लमना से लेकर चोटिया तक सड़क मार्ग की स्थिति का आकलन किया गया, जहां विशेष रूप से खतरनाक मोड़ों और अंधे मोड़ों पर सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए अधिकारियों ने मोड़ों से 25 से 50 मीटर पहले रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए। साथ ही मड़ई मोड़ और चोटिया मार्ग के घाट एवं अंधे मोड़ों पर बेहतर रोड सेफ्टी उपाय और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कलेक्टर और एसपी ने एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा को पुलिस, नेशनल हाईवे, परिवहन विभाग और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम बनाकर रात्रि निरीक्षण करने तथा संभावित दुर्घटना-जन्य स्थलों की पहचान करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा अंधेरे वाले मोड़ों पर सोलर स्टड और कैट आई लगाने, घाट और मोड़ क्षेत्रों में रोड स्टड, रिफ्लेक्टर व रेडियम लगाने तथा ग्रामीण सड़कों के मुख्य मार्ग से जुड़ने वाले स्थानों पर उचित स्पीड ब्रेकर स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्पष्ट कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वाहनों की गति नियंत्रण बेहद जरूरी है, इसलिए सभी संवेदनशील मोड़ों पर रंबल स्ट्रिप अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना, पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज कुमार, तहसीलदार सुमन मानिकपुरी, थाना प्रभारी, परिवहन विभाग के अधिकारी तथा नेशनल हाईवे प्राधिकरण के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *