कोरबा (सर्वमंगला नगर) में सनसनी: तालाब में युवक की लाश मिलने से हड़कंप
कोरबा। सर्वमंगला नगर स्थित बड़े दशहरा मैदान के पास तालाब में एक युवक की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान केशव यादव (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिलासपुर का निवासी था। वह पिछले कुछ वर्षों से सर्वमंगला नगर की झोपड़पट्टी में रहकर मजदूरी कर जीवन यापन कर रहा था।
स्नान के दौरान दिखी लाश
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सर्वमंगला नगर के एक परिवार में ‘दशकर्म’ कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान परिवार के लोग तालाब में स्नान करने पहुंचे, तभी उनकी नजर पानी में तैरती एक लाश पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।
मजदूरी कर करता था जीवन यापन
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, केशव यादव अविवाहित था और सर्वमंगला नगर की झोपड़पट्टी में रहकर मजदूरी करता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। यह डूबने का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।


