अपडेट न्यूज: बिलासपुर आईजी पहुंचे घटनास्थल, हत्याकांड की ली जानकारी, पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश

News by: हरेंद्र डिक्सेना, जिला ब्यूरो चीफ, जयवीरू न्यूज
मामला भाजपा नेता अक्षय गर्ग की हत्या का, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी, घटना के बाद पसान की ओर भागे
कटघोरा। कटघोरा थाना के जटगा चौंकी के अंतर्गत केसलपुर(कटोरी नगोई ) गांव में दिनदहाड़े भाजपा नेता अक्षय गर्ग की हत्या के बाद जिले में हड़कंप मचा हुआ है। हत्या की जानकारी के बाद आज शाम बिलासपुर रेंज आईजी डाॅ.संजीव शुक्ला घटनास्थल पर पहुंचे। आईजी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस अधिकारियों को विशेष दिशा निर्देश दिये है। वहीं घटना के बाद फरार कार सवार आरोपियों का सुराग जुटाने पुलिस की अलग-अलग टीम गठित कर जांच में लगाया गया है।

कटघोरा निवासी भाजपा नेता अक्षय गर्ग की आज सुबह दिनदहाड़े अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि सुबह के वक्त अक्षय गर्ग ग्राम केसलपुर में अपने निर्माणाधीन सड़क की साइट पर निरीक्षण के लिए गये हुए थे। तभी कार सवार 4 अज्ञात हमलावरों ने अक्षय गर्ग पर कुल्हाड़ी और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल अक्षय गर्ग को कटघोरा अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी।

घटना की जानकारी मिलते ही कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी ने इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने तत्काल पुलिस व सायबर सेल की टीम को जांच में लगाया गया। उधर इस हत्याकांड की जानकारी मिलते ही बिलासपुर रेंज आईजी डाॅ.संजीव शुक्ला भी सीधे घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी व अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आईजी ने घटना का अपडेट लिया। इस दौरान उन्होने मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में चर्चा कर जानकारी ली।

आईजी शुक्ला ने स्थानीय ग्रामीणों से हमलावरों के संबंध में जानकारी ली। आईजी ने अज्ञात हमलावरों का सुराग जुटाने अलग-अलग टीम गठित कर मामले की जांच हर एंगल में करने के निर्देश दिये है। पुलिस की टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही परिवार व कटघोरा के आसपास के लोगों के अलावा घटनास्थल के पास निवासरत स्थानीय ग्रामीणों से से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि हत्यारों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस ने इस हत्याकांड पर अपराध दर्ज कर कार सवार अज्ञात हमलावरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।


