पोस्टमार्टम में देरी पर हुआ विवाद तो सरपंच ने की मर्चुरी कर्मचारी से मारपीट, उपचार के दौरान मौत के बाद मचा बवाल, परिजन व सह कर्मचारियों के आक्रोश पर आरोपी को पुलिस ने लिया अभिरक्षा में
कोरबा।मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। ग्राम बेंदरकोना के सरपंच द्वारा मर्चुरी कर्मचारी की बेरहमी से पिटाई किए जाने के बाद घायल कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेंदरकोना निवासी एक व्यक्ति का शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था। इस दौरान परिजन और ग्रामीण पोस्टमार्टम जल्द कराने को लेकर दबाव बना रहे थे, जबकि मर्चुरी कर्मचारी अन्य शव को शिफ्ट करने में व्यस्त थे।

बताया जा रहा है कि वरिष्ठ कर्मचारी बालचनैया ने परिजनों और ग्रामीणों से कुछ देर इंतजार करने को कहा, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी दौरान ग्राम बेंदरकोना के सरपंच और कर्मचारी बालचनैया के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि सरपंच ने गुस्से में आकर कर्मचारी का सिर पकड़कर दीवार में पटक दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद घायल कर्मचारी बालचनैया अपने साथियों के साथ सिविल लाइन थाने शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, लेकिन हालत बिगड़ने के कारण वे केवल आवेदन देकर वापस लौट आए और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आईसीयू में भर्ती बालचनैया की हालत लगातार गंभीर बनी रही और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने आरोपी सरपंच के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की भी मांग की है।
पुलिस ने मामले में आरोपी सरपंच के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



