कॉफी पॉइंट में एंट्री गेट के नाम पर लाखों की हेराफेरी, बीट गार्ड निलंबित
वनमंडलाधिकारी ने बालको वन परिक्षेत्र के कॉफी पॉइंट में की थी छापामारी, दो साल से हो रही थी वसूली
कोरबा। जिले के प्रमुख पर्यटन केंद्रों की बात करें तो कॉफी पॉइंट का नजारा ही अद्भुत है। यहां बड़े पैमाने पर पर्यटक पहुंचते हैं। कॉफी पॉइंट को दो साल पहले वन विभाग ने लाखों रुपए खर्च कर पर्यटकों के लिए सजाया संवारा था। कॉफी पॉइंट में प्रवेश के नाम पर राशि ली जा रही थी। उस पर बड़ा घोटाला सामने आया है। वन मंडलाधिकारी ने पिछले दिनों काफी पॉइंट का दौरा किया था इस दौरान अनियमितता सामने आई है। अनियमितता सामने आते ही पदस्थ बीटगार्ड रामनरेश यादव को निलंबित कर जांच बिठा दी गई है।

समिति के नाम पर ठेकेदार कर रहा था संचालित
वन विभाग के सूत्र बताते हैं कि काफी पॉइंट का संचालन वन प्रबंधन समिति व स्थानीय लोगों को करना था लेकिन स्थानीय समिति के नाम पर वन विभाग में बड़े-बड़े काम करने वाला बालको के एक ठेकेदार द्वारा ही काफी पॉइंट को संचालित किया जा रहा है और वहां के सारे कमरों और और कैटरिंग का भी संचालन ठेकेदार पिछले दो सालों से कर रहा है। अब तक उसके द्वारा कितनी राशि समिति और विभाग में जमा की गई है यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

मामला सामने आने के बाद वन मंडल अधिकारी प्रेमलता यादव ने ठेकेदार को काफी पॉइंट के संचालन से बाहर का रास्ता दिखा दिया है और उन्होंने साफ फरमान जारी किया है कि अब काफी पॉइंट का संचालन स्थानीय वन प्रबंधन समिति द्वारा ही किया जाएगा।
अधिकारियों को दिखाने बना रखा था दूसरा रजिस्टर
वन विभाग के सूत्र बताते हैं कि पिछले 2 वर्षों के दौरान कॉफी पॉइंट में पदस्थ बीट गार्ड द्वारा एंट्री गेट के नाम पर जो राशि ली जाती थी उसके लिए उसने रजिस्टर बना रखा था लेकिन अफसरों को दिखाने के लिए उसने एक अलग रजिस्टर भी बना रखा था। जब वन मंडलाधिकारी प्रेमलता यादव ने औचक छापेमारी की और दस्तावेजों की पड़ताल की तो मामला फूट पड़ा।

सूत्र बताते हैं कि अब तक रामनरेश यादव द्वारा लगभग 24 लाख से अधिक की राशि की वसूली एंट्री गेट के नाम पर की जा चुकी है लेकिन उसके दिखावे वाले रजिस्टर में महज 8 लाख रुपए ही उसने दिखाया है। जबकि उसमें से भी मात्र 3 लाख 50 हजार रुपए की रकम समिति के खाते में जमा की गई है। शेष राशि कहां है अब तक पता नहीं है वन विभाग के अधिकारियों का कहना है की जांच कमेटी के द्वारा पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि बीट गार्ड रामनरेश यादव ने अब तक एंट्री गेट के नाम पर कितने की रकम वसूली कर कुल कितने का घोटाला किया है।

बीट गार्ड को किया गया निलंबित: प्रेमलता यादव
वन मंडलाधिकारी कोरबा प्रेमलता यादव ने बताया कि बालको रेंज के काफी पॉइंट का विगत दिनों औचक निरीक्षण किया गया था। इस दौरान प्राथमिक जांच में बीट गार्ड द्वारा एंट्री गेट की राशि में प्रथम दृष्टया अनियमितता पायी गई है। जिसके आधार पर बीट गार्ड रामनरेश यादव को निलंबित कर दिया गया है और मामले की जांच के लिए अलग से टीम बनाई गई है। जांच के बाद मामला पूरी तरह से स्पष्ट होगा।



