चोरी के पैसों से दिल्ली-मनाली घूमने निकले आरोपी गिरफ्तार, सीएसईबी-मानिकपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

कोरबा। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं, जिन्होंने चोरी की रकम से दिल्ली-मनाली घूमने जाना स्वीकार किया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना सिविल लाइन रामपुर अंतर्गत चौकी सीएसईबी एवं चौकी मानिकपुर की संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पांच स्थानों पर चोरी का खुलासा
चौकी सीएसईबी क्षेत्र के मानसनगर एवं टीपी नगर स्थित चार मकान/दुकानों तथा चौकी मानिकपुर क्षेत्र की एक दुकान में ताला तोड़कर नगदी एवं सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान चोरी किया गया था। प्रकरण दर्ज कर पुलिस लगातार विवेचना कर रही थी।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही राजूदास मानिकपुरी (19 वर्ष) निवासी मुड़ापार, मानिकपुर तथा उसके दो साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने मानसनगर, टीपी नगर एवं कुआं भट्ठा क्षेत्र में चोरी करना स्वीकार किया।
चोरी की रकम से की सैर
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की रकम से वे दिल्ली और मनाली घूमने गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BE 8715 तथा नगदी रकम जब्त की है। मुख्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
उक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी सीएसईबी सउनि भीमसेन यादव एवं चौकी प्रभारी मानिकपुर उनि परमेश्वर राठौर सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
कोरबा पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहने की बात कही गई है।


