Uncategorized

कोरबा में दो दिवसीय श्री श्याम फाल्गुन एवं होली महोत्सव, 26 फरवरी को भव्य निशान यात्रा

कोरबा। श्री श्याम मित्र मंडल, कोरबा द्वारा 26 और 27 फरवरी को श्री श्याम मंदिर, मिशन रोड में दो दिवसीय श्री श्याम फाल्गुन एवं होली महोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं में इस महोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और मंडल द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
26 फरवरी: भव्य निशान यात्रा
फाल्गुन माह के पावन अवसर पर 26 फरवरी को बाबा श्याम की भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ शारदा विहार स्थित सत्यनारायण अग्रवाल के निवास स्थान से होगा और पावर हाउस रोड होते हुए श्री श्याम मंदिर, मिशन रोड पहुंचेगी।
यात्रा में श्याम भक्त हाथों में पावन ध्वज (निशान) लेकर बाबा के जयकारों के साथ शामिल होंगे। यह परंपरा राजस्थान के सुरजगढ़ से लगभग 378 वर्ष पहले शुरू हुई थी और कोरबा में भी श्रद्धापूर्वक निभाई जा रही है।
इस वर्ष महोत्सव में खास आकर्षण के रूप में कोलकाता की प्रसिद्ध रंग रसिया ग्रुप द्वारा पहली बार भव्य चंग धमाल प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा लाइव भजन संकीर्तन, पुष्प और गुलाल वर्षा तथा श्याम दरबार की आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेगी।
27 फरवरी: भजन संध्या और प्रसाद वितरण
फाल्गुन आमलकी एकादशी (27 फरवरी) के अवसर पर बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा और संपूर्ण मंदिर परिसर को पुष्पों से सजाया जाएगा।
सायं 8 बजे से दिल्ली के सुप्रसिद्ध भजन गायक भव्य सांकरी द्वारा मधुर श्याम भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। भजनों और चंग धमाल की सुमधुर प्रस्तुति से माहौल फाल्गुन उत्सव के रंग में रंग जाएगा। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया जाएगा।
मंडल के अध्यक्ष सी.ए. गोपाल अग्रवाल और सभी पदाधिकारी नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील कर रहे हैं।
“हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा”

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *