लमना में दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, लोड़ीबहरा निवासी व्यक्ति की मौत, दो घायल


पोड़ी उपरोड़ा। आज शाम करीब 4:30 बजे NH 130 लमना के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक बाइक में सवार दो युवक कटघोरा की ओर से चोटिया होते हुए मनेंद्रगढ़ की दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान सामने से लोड़ीबहरा निवासी पवन सिंह तवर अपनी बाइक से मातिन की ओर जा रहा था। लमना के पास दोनों बाइकों में तेज रफ्तार के कारण जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पवन सिंह तवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक में सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना ग्रामीणों ने डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही 112 टीम व बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, वहीं मृतक के शव को पोड़ी-उपरोड़ा अस्पताल के मरच्युरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
