Uncategorized

अब फ्लोरा मैक्स कंपनी की महिला एजेंट के पति ने की आत्महत्या की कोशिश, वजह…पत्नी पर सदस्य महिलाओं के दबाव से है परेशान 

छत्तीसगढ़। फ़्लोरा मैक्स कंपनी में हुए गड़बड़ी के कारण रकम डूबने और महिला निवेशकों द्वारा पत्नी के पास आकर रकम वापस करने का दबाव बनाने से परेशान एक पति ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। मामला पड़ोसी जिला जांजगीर-चांपा का है। जहां चांपा में निवासरत संतोष साहू ने जहर सेवन कर लिया। उसे उपचार के लिए चांपा के बीडीएम अस्पताल में भर्ती किया गया है जहां उसका उपचार जारी है। नायब तहसीलदार प्रशांत गुप्ता द्वारा पीड़ित का बयान लिया गया। जिसमें उसने बताया कि फ़्लोरा मैक्स कंपनी में उसकी पत्नी नीरा साहू दो साल पहले जुड़ी। एजेंट के रूप में जुड़कर उसने अपने ग्रुप में बड़ी संख्या में महिलाओं को सदस्य बनाकर कंपनी से जोड़ा है। अब कंपनी के फर्जीवाड़ा का पता चलने पर सभी महिलाएं सदस्य उसके घर पहुंचकर पत्नी पर पैसे वापस करने का दबाव डाल रही है। इस कारण से वह और उसकी पत्नी बहुत परेशान है। उल्लेखनीय है कि कोरबा के करतला थाना क्षेत्र में इसी तरह महिला सदस्यों के दबाव बनाने से एक महिला एजेंट अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर चुकी है।