कोरबा में “KHELO BAAZI BOOK” के जरिए चल रहा था आईपीएल ऑनलाइन सट्टा, एक आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

कोरबा।कोरबा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली कोरबा पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस को दिनांक 13 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेल एवं खिला रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली एवं साइबर थाना कोरबा की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर रेड कार्रवाई की गई।
रेड के दौरान एक आरोपी को मौके पर ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए पकड़ा गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। जांच में यह सामने आया कि आरोपी “KHELO BAAZI BOOK” नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म/आईडी के माध्यम से आईपीएल मैचों में सट्टा खेल एवं खिला रहे थे। जांच के दौरान उक्त आईडी में भारी मात्रा में लेन-देन पाया गया तथा वर्तमान में ₹72,020/- (बहत्तर हजार बीस रुपये) का बैलेंस जमा होना पाया गया है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम जशवीर राना (33 वर्ष), पिता हुक्कुम सिंह राजपूत, निवासी लक्ष्मणबन तालाब, थाना कोतवाली, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) है। फरार आरोपी की सक्रिय रूप से तलाश की जा रही है और उसे शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की बात पुलिस द्वारा कही गई है।
इस मामले में थाना कोतवाली कोरबा में अपराध क्रमांक 335/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 6(क) एवं 7(1) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक एम.बी. पटेल के नेतृत्व में उप निरीक्षक अजय सोनवानी, सहायक उप निरीक्षक रामकुमार उईके, प्रधान आरक्षक गुना राम सिन्हा, आरक्षक सुशील यादव, आलोक टोप्पो, डेमन ओगरे तथा महिला आरक्षक सुनीता डहरिया एवं अर्चना तिकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन सट्टा, जुआ अथवा साइबर अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। आपकी सतर्कता ही अपराधों पर नियंत्रण में सहायक है।
“सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी है।


