आधी रात बोलेरो सवार बदमाशों ने बोलेरो से एएसआई के बेटे को कुचला, हालत नाजुक, पीछा करने वाले पत्रकार का अपहरण कर बेरहमी से पीटा

कोरबा। शहर में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात एक सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है। अज्ञात युवकों के एक समूह ने पहले सहायक उपनिरीक्षक (ASI) रामनारायण रात्रे के पुत्र चंद्रमणि रात्रे (दादू) को बोलेरो वाहन से कुचल दिया। वहीं घटना का पीछा कर रहे युवा पत्रकार का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

रास्ता खाली होने के बावजूद शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रात करीब 1 बजे बुधवारी बाईपास मार्ग पर कुछ युवक कार में बैठे थे। इसी दौरान एक बोलेरो वाहन वहां पहुंचा और बिना वजह वाहन हटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस के दौरान चंद्रमणि रात्रे वाहन से बाहर निकले, तभी बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार में उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
पत्रकार ने किया पीछा, रास्ते में किया अपहरण
घटना के बाद युवा पत्रकार अरविंद राठौर और उनके साथी साहिल निर्मलकर स्कूटी से बोलेरो का पीछा करने लगे। आरोप है कि एनटीपीसी मार्ग होते हुए बलगी मोड़ के पास हमलावरों ने अन्य साथियों को बुला लिया।
वहां पत्रकार को स्कूटी से गिराकर जबरन वाहन में बैठाया गया और सुनसान स्थान पर ले जाया गया।
25-30 युवकों ने किया हमला, फायरिंग का आरोप
पीड़ित के अनुसार बलगी क्षेत्र में 25 से 30 युवकों ने लाठी-डंडों से हमला किया। इस दौरान एक युवक ने पिस्टलनुमा हथियार कनपटी पर तान दिया और हवा में फायरिंग भी की।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल पत्रकार को हमलावर मृत समझकर मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
नकदी, मोबाइल और सोने के जेवर लूटे
घायल पत्रकार ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने करीब 1 लाख रुपये नकद, आईफोन, सोने की चेन और अंगूठी लूट ली।
दोनों घायलों का इलाज जारी, एक की हालत गंभीर
घायल पत्रकार को होश आने के बाद साथियों ने अस्पताल पहुंचाया। वहीं चंद्रमणि रात्रे की हालत गंभीर होने पर उन्हें अपोलो अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी, कुछ संदिग्ध हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। बुधवारी बाईपास से बलगी मोड़ तक जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर आरोपियों की तलाश जारी है।
कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की संभावना है।



