Uncategorized

गेवरा खदान से 6 हजार लीटर डीजल चोरी: सरगना नवीन कश्यप समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, 12 पहले ही जा चुके हैं जेल

कोरबा।एसईसीएल की गेवरा खदान से 6 हजार लीटर डीजल चोरी के चर्चित मामले में दीपका पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी नवीन कश्यप समेत उसके गैंग के दो अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को जांजगीर क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को गेवरा खदान से डीजल चोरी की घटना सामने आई थी, जिसके बाद दीपका थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना में सामने आया कि मुख्य आरोपी नवीन कश्यप और उसके साथी आदतन अपराधी हैं तथा लंबे समय से डीजल चोरी की वारदातों में संलिप्त रहे हैं।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य एसईसीएल की कुसमुंडा, गेवरा और दीपका परियोजनाओं में लगातार डीजल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की कई वारदातें की हैं, जिसकी जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में नवीन कश्यप (34) निवासी शांति नगर बलगी, शब्बीर मेमन (35) निवासी गांधी चौक, गेवरा बस्ती कुसमुंडा तथा परमेश्वर सारथी (28) निवासी शांति नगर बलगी शामिल हैं। वारदात के बाद से तीनों आरोपी फरार थे और जांजगीर क्षेत्र में छिपकर रह रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन जब्त की हैं। इनमें वाहन क्रमांक CG 12 BU 6064 और CG 28 P 6555 शामिल हैं।
आरोपियों के खिलाफ एक प्रकरण में धारा 111 एवं 303 बीएनएस तथा दूसरे प्रकरण में धारा 329(2), 303(2), 338, 336(3), 340 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि मामले में पहले ही 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *