“बांगो पुलिस की कार्रवाई: छिपाकर रखी अंग्रेजी शराब और 80 लीटर डीजल बरामद, महिला गिरफ्तार”
कोरबा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र में अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पोड़ी-उपरोड़ा निवासी बसंती मानिकपुरी (50 वर्ष) के घर पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान घर के आंगन में छिपाकर रखी गई 9 पाव अंग्रेजी शराब और रॉयल चैलेंज की एक बम्पर बोतल बरामद की गई।
इसके अलावा अवैध बिक्री के उद्देश्य से संग्रहित लगभग 80 लीटर डीजल भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद उसे नियमानुसार मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
बांगो पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब, डीजल और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
