Uncategorized

पाली भीमसेनिया जंगल के पास भीषण सड़क हादसा: बाइक सवार की मौत, एक गंभीर; ट्रेलर चालक फरार

पाली। कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा भीमसेनिया जंगल के पास मुख्य सड़क पर हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान लोंगदास (45) और घायल की पहचान रामलाल चौहान (40) के रूप में हुई है। दोनों पाली थाना क्षेत्र के बसीबार गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
काम से लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, दोनों सोमवार शाम काम खत्म कर मोटरसाइकिल (CG 12 N 4608) से पाली से अपने गांव बसीबार लौट रहे थे। इसी दौरान भीमसेनिया जंगल के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर (CG 10 R 1810) ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
सिर में गंभीर चोट, मौके पर मौत
हादसा इतना भीषण था कि लोंगदास को सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामलाल चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पाली ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने लोंगदास को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामलाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
चालक वाहन छोड़कर फरार
मृतक के भाई लगनदास ने बताया कि उन्हें शाम करीब 6 बजे फोन के माध्यम से हादसे की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर घटना की पुष्टि हुई।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पाली पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज
पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों के अनुसार, मृतक लोंगदास खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *