छत्तीसगढ़ पंचायत व जनपद उपचुनाव: कहीं दिग्गजों की साख दांव पर, तो कहीं बहुकोणीय मुकाबला

कोरबा। प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत एवं जनपद सदस्य के रिक्त पदों पर उपचुनाव को लेकर सरगर्मियां चरम पर हैं। सोमवार, 1 जून को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद मतदाताओं में लोकतंत्र के इस महापर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
जनपद सदस्य उपचुनाव: ‘ब्लैक बोर्ड’ छाप की चर्चा तेज
पोड़ी उपरोड़ा जनपद क्षेत्र क्रमांक 18 (बिंझरा, सीपत, भांवर, महोरा, मडवा, लोड़ीबहेरा) में जनपद सदस्य पद के लिए मतदान जारी है। यहां भाजपा समर्थित प्रत्याशी अनिता यादव के पक्ष में व्यापक जनसंपर्क किया गया। क्षेत्र में ‘ब्लैक बोर्ड’ चुनाव चिन्ह को लेकर चर्चा बनी हुई है।
स्थानीय मतदाताओं के अनुसार, बिंझरा क्षेत्र में अनिता यादव को अपेक्षाकृत अधिक समर्थन मिलता नजर आ रहा है, हालांकि अंतिम निर्णय मतदान परिणामों पर निर्भर करेगा।

सलिहाभांठा में पारिवारिक मुकाबला बना आकर्षण का केंद्र
करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में सरपंच पद के लिए मुकाबला दिलचस्प हो गया है। यह गांव पूर्व सांसद स्वर्गीय डॉ. बंशीलाल महतो और पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर का गृह क्षेत्र है। इस बार चुनावी मुकाबला परिवार के भीतर ही सिमट गया है, जहां प्रभा देवी और विजय कंवर आमने-सामने हैं।
सरपंच के आकस्मिक निधन के बाद उपजा चुनावी परिदृश्य
वर्ष 2025 में हुए पंचायत चुनाव में नवरंगलाल कंवर सरपंच चुने गए थे, लेकिन उनके आकस्मिक निधन के बाद यह पद रिक्त हो गया। इस उपचुनाव की विशेष बात यह है कि मुख्य ग्राम सलिहाभांठा, जहां लगभग 60% मतदाता हैं, वहां से कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं है।
मतदाताओं में उत्साह, प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम
सलिहाभांठा पंचायत में कुल 1,456 मतदाता (745 पुरुष, 711 महिला) अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। दोपहर तक मतदान केंद्रों में अच्छी खासी भीड़ देखी गई। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जनपद सदस्य पद के प्रमुख प्रत्याशी
अनिता यादव (बिंझरा)
धनीराम कर्ष (मल्दा)
कन्हैयालाल चौहान (मल्दा)
लीलारपुरी गोस्वामी (गुरसियां)
मिर्जा मुस्ताक अहमद (मल्दा)
राजेश सिंह (बिंझरा)
राजकुमार महंत (कुटेशरनगोई)
रामकुमार यादव (मल्दा)
अब सभी की नजरें मतगणना पर टिकी हैं।



