नौतफ़ा की तपिश के बीच मौसम का कहर: पौड़ी उपरोड़ा में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से भारी नुकसान
पौड़ी उपरोड़ा। नौतफ़ा की झुलसा देने वाली गर्मी से जूझ रहे क्षेत्र में शनिवार शाम करीब चार बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज़ आंधी-तूफान ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते तेज़ हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

अचानक बदले मौसम ने कुछ ही देर के लिए माहौल को पूरी तरह बदल दिया और लोगों को शिमला जैसा ठंडा मौसम महसूस होने लगा। तपती गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन इसके साथ आए तूफान ने भारी नुकसान भी पहुंचाया।

तेज़ आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ और खंभे गिर गए। एक जगह कार के ऊपर लोहे का एंगल (एंगल खंभा) गिरने की घटना सामने आई है, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। आंधी की रफ्तार इतनी तेज़ थी कि दुकानों के सामने लगे टीन-शेड पूरी तरह उड़ गए और कई जगह टीन बिखरकर गिर गए, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलें भी गिर गईं और कई स्थानों पर बिजली के तार टूटकर नीचे आ गिरे। हालांकि मुख्य सड़कें काफी हद तक साफ रहीं, लेकिन दुकानों के सामने भारी नुकसान का मंजर देखा गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अचानक आए इस तूफान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बारिश और ओलावृष्टि के चलते फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
