“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई: 22 लाख की बस चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
कोरबा। कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में चौकी सीएसईबी रामपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
दिनांक 03 जून 2026 को प्रार्थी ने सूचना दी कि उसकी यात्री बस क्रमांक CG-10-G-1601, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये है, कोरबा के नया बस स्टैंड से चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कंडक्टर की सतर्कता से आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान बस के कंडक्टर की सतर्कता और पहचान के आधार पर चोरी गई बस को कोहड़िया के पास ट्रेस किया गया। कंडक्टर ने आरोपी को पकड़कर चौकी सीएसईबी रामपुर पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ में आरोपी मनजीत सिंह टोप्पो (31 वर्ष), निवासी बंधियापारा सिल्ली, थाना पाली, जिला कोरबा ने बस चोरी करना स्वीकार कर लिया।
बस बरामद, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई बस को सुरक्षित बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जनता के सहयोग से मिल रही सफलता
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
जनसहयोग और पुलिस की सतर्कता से अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
