Uncategorized

कोरबा की नन्ही कथक नृत्यांगना रियांशी श्रीवास ने राष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम, ‘तारांगण 2026’ में द्वितीय स्थान हासिल

कोरबा।छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर के लिए गर्व की बात है कि नन्ही कथक नृत्यांगना रियांशी श्रीवास ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
तारांगण 2026 – नृत्य महोत्सव का आयोजन देहरादून (उत्तराखंड) में 4 जून से 7 जून 2026 तक किया गया, जिसमें देशभर से प्रतिभाशाली कलाकारों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में नृत्य, संगीत एवं ललित कला की विभिन्न विधाओं में 300 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

कोरबा की डीएवी स्कूल की कक्षा 4वीं की छात्रा, मात्र 8 वर्षीय रियांशी श्रीवास ने अपनी प्रभावशाली कथक प्रस्तुति से न केवल निर्णायकों बल्कि दर्शकों का भी दिल जीत लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल कर शहर का नाम रोशन किया।
रियांशी की यह उपलब्धि कोई पहली नहीं है। इससे पूर्व भी वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में गोवा, जयपुर, नागपुर, रायपुर, दुर्ग तथा रायगढ़ जैसे शहरों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर कई पुरस्कार और सम्मान अर्जित कर चुकी हैं।
वर्तमान में रियांशी, इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय से कथक में स्वर्ण पदक प्राप्त गुरु प्रीति चंद्रा से कथक नृत्य की विधिवत शिक्षा प्राप्त कर रही हैं, जो उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
रियांशी की इस शानदार उपलब्धि पर उनके पिता गौतम श्रीवास, माता प्रतिभा श्रीवास, गुरुजनों एवं परिवार के अन्य सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।
कोरबा की इस नन्ही प्रतिभा ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से छोटी उम्र में भी बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *