Uncategorized

कटघोरा कारखाना एरिया के अंधे मोड़ पर फिर हुआ हादसा, दो कारों की भिड़ंत ने बढ़ाई लोगों की चिंता

कटघोरा। नगर के कारखाना एरिया स्थित अंधे मोड़ पर सोमवार रात दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह अंधा मोड़ लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। यहां पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। इसके बावजूद अब तक इस स्थान पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
रहवासियों का कहना है कि मोड़ पर सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन चालकों को दिशा और दूरी का सही अनुमान नहीं लग पाता। यही वजह है कि यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस दुर्घटना संभावित स्थान पर तत्काल स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और यातायात संकेतक लगाने की मांग की है। लोगों का यह भी कहना है कि रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है।
नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में यहां और भी बड़े हादसे हो सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *