माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला धंवईपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

कटघोरा। 15अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला धंवईपुर में राष्ट्रीय पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ: इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और गीतों से गूंज उठा।

इस अवसर पर भाजपा नेता रामप्रसाद कोराम, सरपंच शारदा देवी कोराम, जनपद सदस्य कुमारी श्रद्धा कोराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और पंच उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति बताया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर उनकी प्रतिभा का उत्साहवर्धन किया गया। अतिथियों ने कहा कि सम्मान और प्रोत्साहन से विद्यार्थियों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है, जिससे वे शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन केवल राष्ट्रीय पर्व का उत्सव नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार और देशभक्ति का एक प्रेरणादायक संदेश भी बनकर सामने आया।







