दो जिंदगियां लील गया सड़क हादसा: अरदा के दो युवकों की मौत, घटनास्थल पर चक्काजाम

कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम अरदा के दो लोगों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अरदा निवासी सूर्या भवन तंवर और राजू पटेल बाइक क्रमांक CG 12 BL 9042 से बांकीमोंगरा बाजार जा रहे थे। इसी दौरान सुराकछार-बांकीमोंगरा मार्ग पर सुक्लाखार स्थित सरदारीन ढाबा के पास उनकी बाइक CG 04 JB 5380 क्रमांक के ट्रक की चपेट में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सूर्या भवन तंवर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल राजू पटेल को उपचार के लिए कटघोरा अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और सड़क पर चक्काजाम की स्थिति बन गई। इसके कारण सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
मौके पर कटघोरा के नायब तहसीलदार अमनदीप अंचल, दर्री सीएसपी और बांकीमोंगरा पुलिस मौजूद रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ ट्रक चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

