माध्यमिक शाला डुडगा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

कटघोरा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर माध्यमिक शाला डुडगा में 15 अगस्त का राष्ट्रीय पर्व पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में गांव के गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ पंच, सरपंच, उपसरपंच, जनपद सदस्य, माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और गीतों से गूंज उठा।

इस दौरान कक्षा पहली से आठवीं तक प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को ग्राम पंचायत की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

पंचायत प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्हें निरंतर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
स्वतंत्रता दिवस के इस गरिमामय आयोजन ने विद्यार्थियों के साथ-साथ ग्रामीणों में भी देशभक्ति और शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।








