Uncategorized

कोरबा की CMA किकबॉक्सिंग एकेडमी ने रचा इतिहास, ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज हुआ नाम

कोरबा। छत्तीसगढ़ मार्शल आर्ट एवं किकबॉक्सिंग एकेडमी (CMA), कोरबा ने खेल जगत में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए अपना नाम ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज करा लिया है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि एकेडमी के खिलाड़ियों द्वारा वर्ष 2018 से फरवरी 2026 तक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक पदक जीतने के आधार पर प्राप्त हुई है।
छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन एवं CMA किकबॉक्सिंग एकेडमी के संस्थापक तारकेश मिश्रा ने बताया कि प्रदेश और जिले में किकबॉक्सिंग खेल का संचालन वर्ष 2006 से किया जा रहा है। इसी क्रम में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से वर्ष 2018 में एकेडमी की स्थापना की गई थी। आधुनिक खेल उपकरणों, बेहतर संसाधनों, खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और कोचिंग टीम के मार्गदर्शन से यह संस्था लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है।
एकेडमी से प्रशिक्षित खिलाड़ी न केवल राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। आयरलैंड, रूस, साउथ कोरिया, टर्की, इटली और नेपाल जैसे देशों में भारतीय किकबॉक्सिंग टीम का प्रतिनिधित्व कर खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ और कोरबा जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
यहां के खिलाड़ियों को राज्य शासन द्वारा दिए जाने वाले प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार—शहीद कौशल यादव, खेल अंकुर, खेल गौरव और खेल शिखर—से सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं। ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में नाम दर्ज होना न केवल खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि संस्था के समर्पण और उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण का भी प्रमाण है।
इस उपलब्धि के अवसर पर छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष छगन लाल मूंदड़ा, संस्थापक तारकेश मिश्रा, सचिव आकाश गुरुदिवान एवं अन्य प्रशिक्षकों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने CMA का नाम ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज होने पर बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इसे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
एकेडमी के संस्थापक एवं मुख्य कोच तारकेश मिश्रा ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों, अभिभावकों, सहयोगियों और खेल प्रेमियों को देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाले समय में और भी बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा बनेगी।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *