Uncategorized

तेज रफ्तार 407 की टक्कर से SECL कर्मी की मौत, कटघोरा-ढेलवाडीह बाईपास पर दर्दनाक हादसा

कटघोरा। आज दोपहर कटघोरा-ढेलवाडीह बाईपास मार्ग पएक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार 407 वाहन ने बुलेट सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान 29 वर्षीय आशुतोष कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो एसईसीएल सुराकछार खदान में माइनिंग सरदार के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, आशुतोष ड्यूटी के बाद बुलेट से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ढेलवाडीह बाईपास पर सामने से आ रही 407 मिनी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलेट के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में आशुतोष सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर व सीने में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद राहगीरों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालांकि उनकी हालत बेहद नाजुक थी और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एसईसीएल के अधिकारी और सहकर्मी भी अस्पताल पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
कटघोरा पुलिस ने दुर्घटनाकारित 407 वाहन को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस द्वारा चालक से पूछताछ की जा रही है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंपा जाएगा।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था की मांग
घटना के बाद बाईपास मार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते सड़क हादसों पर गहरी चिंता जताई है। उनका कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क किनारे संकेतकों की कमी दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है।
लोगों ने प्रशासन से बाईपास पर स्पीड ब्रेकर लगाने, चेतावनी संकेतक स्थापित करने और यातायात पुलिस की नियमित तैनाती की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर रोक लगाई जा सके।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *