Uncategorized

कोरबा में बड़ी पुलिस कार्रवाई: “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान में 2 आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद

कोरबा। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के मामलों में संलिप्त विधि से संघर्षरत बालक सहित 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोटरसाइकिल एवं अन्य मसरूका बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है।
घटना का विवरण
पहली घटना में प्रार्थी हंसराज खाण्डे (निवासी पीपरपारा कोहड़िया) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 01 अप्रैल 2026 से 06 अप्रैल 2026 के बीच वह अपने परिवार सहित विवाह कार्यक्रम में बाहर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और आलमारी व गुल्लक में रखी नगदी रकम, लगभग 35 किलो चावल, एक गैस सिलेंडर तथा स्पाइस कंपनी का होम थियेटर चोरी कर लिया। इस मामले में अपराध क्रमांक 301/2026 धारा 331(4), 305(क) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
दूसरी घटना में प्रार्थी अटल अमित बाघ (उम्र 45 वर्ष, निवासी पोड़ी बहार) ने थाना सिविल लाइन रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 07 अप्रैल 2026 की शाम 06 बजे उसके मौसा के मकान (सीएसईबी कॉलोनी, क्वार्टर नंबर एनडी 12) में चोरी हुई। मौसा परिवार सहित रायपुर शादी में गए थे। 08 अप्रैल की सुबह पड़ोसी द्वारा सूचना देने पर घर पहुंचने पर पाया गया कि ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी से 35,000 रुपये नकद और चांदी के सिक्के सहित कुल 40,000 रुपये की संपत्ति चोरी हो गई थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 303/2026 धारा 331(4), 305(ई), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में बड़ा खुलासा
पुलिस ने विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहे हैं। इस गिरोह के 03 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चालान किया जा चुका था, जबकि शेष फरार आरोपियों को इस कार्रवाई में पकड़ लिया गया।
आरोपी

प्रभात दास दीवान उर्फ लाल, पिता श्यामलाल दीवान, उम्र 21 वर्ष, निवासी पुराना काशीनगर, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा
विधि से संघर्षरत बालक
जप्ती
आरोपियों के कब्जे से:

₹1,000 नगद
एक मोटरसाइकिल
बरामद कर विधिवत जप्त किया गया है।
पुलिस कार्यवाही
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। विधि से संघर्षरत बालक को 12 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर किशोर न्याय बोर्ड, कोरबा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें, अज्ञात व्यक्तियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।
संदेश
सजग रहें – सतर्क रहें, सुरक्षित रहें”
कोरबा पुलिस आपकी सुरक्षा हेतु सदैव प्रतिबद्ध है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *