Uncategorized

कोरबा ट्रांसपोर्ट नगर में पुलिस का सख्त एक्शन: शराब तस्करी पर नकेल, एएसपी लखन पटले और सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी की अगुवाई में सघन चेकिंग अभियान

कोरबा। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के उद्देश्य से शुक्रवार शाम ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने किया।
शाम के व्यस्त समय में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर बारीकी से जांच की। विशेष रूप से उन वाहनों पर फोकस किया गया, जिनमें अवैध शराब के परिवहन की आशंका थी। पुलिस ने वाहनों की डिक्की, बैग और अन्य हिस्सों की गहन तलाशी ली।
चेकिंग के दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने पुलिस जवानों को सख्त निर्देश दिए कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
वहीं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
इस कार्रवाई के चलते ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में कुछ समय के लिए सख्ती और हलचल का माहौल बना रहा। पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *