कोरबा शहर को मिल रहा हरियाली का नया रूप, डिवाइडरों पर खिलेगा ग्रीन बेल्ट का सौंदर्य

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण को नया आयाम दिया जा रहा है। सड़कों को आकर्षक बनाने के साथ अब रोड डिवाइडरों को ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां हरियाली के बीच रंग-बिरंगे फूल शहर की सुंदरता में वृद्धि कर रहे हैं।
इसी कड़ी में आज महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में टीपीनगर से पावर हाउस मुख्य मार्ग क्षेत्र में किए गए रोड डिवाइडर प्लांटेशन का लोकार्पण किया।
नगर निगम द्वारा शहर को सुव्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। एक ओर जहां स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर थीम आधारित पेंटिंग, चित्रकारी, लघु उद्यानिकी कार्यों के साथ रोड साइड और डिवाइडरों पर भी विशेष प्लांटेशन किया जा रहा है।
टीपीनगर से पावर हाउस मुख्य मार्ग पर स्थित डिवाइडरों में 160 पाम के पौधे रोपित कर इसे ग्रीन बेल्ट का स्वरूप दिया गया है। इस अवसर पर उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर ने बताया कि पूरे मार्ग में कुल 600 पाम के पौधे लगाए जाएंगे, जिससे यह मार्ग पूरी तरह हरित और आकर्षक बन सके।
इस पहल से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।


