“सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी कार्यवाही, चोरी के मामले में फरार 3 आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना दर्री पुलिस ने चोरी के एक प्रकरण में फरार चल रहे 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में थाना दर्री पुलिस द्वारा लगातार सघन कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में उक्त अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फरार आरोपियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 05 अप्रैल 2026 को प्रार्थी कमलकांत ठाकुर (उम्र 46 वर्ष), निवासी साडा कॉलोनी, थाना दर्री, जिला कोरबा, थाना उपस्थित होकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था। उन्होंने बताया कि वे भेल कंपनी में सीनियर डीजीएम के पद पर कार्यरत हैं तथा सीएसईबी प्लांट दर्री में कंपनी का कार्य संचालित है। प्लांट परिसर में रखे कंपनी के सामान में से लगभग 200 मीटर पावर केबल अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिया गया था।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना दर्री में अपराध क्रमांक 136/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की जांच के दौरान पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था, जबकि अन्य आरोपी फरार थे और उनकी लगातार पतासाजी की जा रही थी।
दिनांक 09 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में विशाल राव उर्फ लाली, पिता अर्जुन राव, उम्र 22 वर्ष, निवासी धनवारपारा कल्मीडुग्गु, थाना दर्री, जिला कोरबा; किशन कुमार गोंड उर्फ गोलू, पिता लवकुश, उम्र 21 वर्ष, निवासी धनवारपारा कल्मीडुग्गु, थाना दर्री, जिला कोरबा; तथा यश कुमार श्रीवास, पिता भूपेंद्र श्रीवास, उम्र 20 वर्ष, निवासी धनवारपारा कल्मीडुग्गु, थाना दर्री, जिला कोरबा शामिल हैं।
गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कोरबा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि संदिग्ध व्यक्तियों या गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें। साथ ही सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा एवं उचित लॉकिंग सिस्टम का उपयोग करें तथा बाहर जाते समय अपने परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
कोरबा पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी।


