शराबी पति ने बांस के डंडे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या की, पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार


कोरबा। उरगा पुलिस ने भैंसमुड़ा कुदरीपारा में हुए एक हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
शराब के नशे में पति ने दिया वारदात को अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भैंसमुड़ा में रहने वाले परदेशी राम धनवार और उसकी पत्नी अग्घन बाई धनवार के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोपी शराब पीने का आदी था और आए दिन अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था।19 और 20 जुलाई की दरमियानी रात आरोपी ने शराब के नशे में पत्नी से झगड़ा शुरू किया और घर में रखे बांस के डंडे से उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटें आने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पुलिस ने संदेही परदेशी राम धनवार (41 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त कर लिया है।
आरोपी: परदेशी राम धनवार (41 वर्ष), निवासी मड़वारानी, हाल मुकाम- ग्राम भैंसमुड़ा कुदरीपारा, थाना उरगा, जिला कोरबा।
पुलिस की अपील: कोरबा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि घरेलू हिंसा, मारपीट या किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
