Uncategorized

तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में स्कूटी सवार तीन नाबालिग, सगे भाई-बहन समेत दो की मौत, एक गंभीर

कोरबा। कटघोरा–अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार तीन नाबालिगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो नाबालिग बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे स्कूटी से घर से दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बच्चे सड़क पर गिर पड़े और टैंकर की चपेट में आ गए।हादसे में बूटी और दशरथ, जो आपस में सगे भाई-बहन थे तथा कोनकोना के गोस्वामी मोहल्ले के निवासी थे, की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 और बांगो पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई नरेंद्र डिक्सेना एवं आरक्षक गजेंद्र ने तत्काल मृतकों के शव अस्पताल पहुंचाए तथा घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।हादसे की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। बच्चों को खून से लथपथ सड़क पर पड़ा देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। इस हृदयविदारक दृश्य ने मौके पर मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने कटघोरा–अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर लगभग 2 घंटे तक चक्का जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।सूचना मिलने पर एसडीएम मनोज बंजारे, तहसीलदार विनय देवांगन, थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा, कटघोरा थाना से एसआई राजेंद्र सिंह एवं पुलिस बल, पोड़ी उपरोड़ा के सरपंच सहेत्तर सिंह राज तथा कोनकोना सरपंच सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी, उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा सहायता राशि का चेक भी प्रदान किया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल हो सका। टैंकर को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसे गंभीर मुद्दों को सामने लाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि बिना लाइसेंस वाहन चलाना और दोपहिया वाहन पर तीन लोगों का सफर करना यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है, जो जानलेवा साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *